भोजपुरी गीतों संग बॉलीवुड डांस का तड़का लक्ष्मणपुर अवध महोत्सव में सनडे फन डे के रूप में मना


...
 संवाददाता 
लखनऊ। प्रगति पर्यावरण संरक्षण ट्रस्ट एवं प्रगति इवेंट के संयुक्त तत्वावधान में शहीद पथ स्थित अवध विहार योजना अवध शिल्प ग्राम खुला क्षेत्र में चल रहे लक्ष्मणपुर अवध महोत्सव की 12वीं सांस्कृतिक सन्ध्या में भोजपुरी गीतों संग बॉलीवुड डांस का तड़का लगा।
इसके पूर्व लक्ष्मणपुर अवध महोत्सव की 12वीं संध्या का शुभारंभ प्रगति पर्यावरण संरक्षण ट्रस्ट के अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह और उपाध्यक्ष एन.बी.सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
आज की सांस्कृतिक सन्ध्या का शुभारंभ भोजपुरी लोक गायिका प्रिया पाल ने देवी गीत से कर श्रोताओं को भगवती देवी की भक्ति का रसापान कराया। इसी क्रम में उन्होने अपनी खनकती हुई आवाज में भोजपुरी गीत मैसे नइया मे लक्ष्मण राम गंगा मइया धीरे बहो, कन्हैया मैं तो नाचूँगी तेरी मुरली पे, रामा लखन दोनों भईया अवध रहवईया उन्हीं के संग आए हैं को सुना कर श्रोताओं को मंत्र मुग्ध कर दिया।
इसी क्रम में प्रिया पाल ने अपनी सुमधुर आवाज में फेक दिहले थरिया बलम गईले झरिया, पियवा जाती बानी पुलिस के बहलिया में और हे पिया हमको घुमाई दे लक्ष्मणपुर अवध महोत्सव भोजपुरी गीत को सुना कर श्रोताओं की असंख्य तालियां बटोरीं।
मन को मोह लेने वाली इस प्रस्तुति के उपरान्त अदिती भारद्वाज, शिवान्या गुप्ता,अहाना बन्दे, गितिका चौधरी ने रिचा गोयल के निर्देशन में राम सिया राम पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का दिल जीत लिया। इसी क्रम में अर्थव गोयल ने कथक नृत्य के पारम्परिक स्वरूपों को प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्र मुग्ध कर दिया।
संगीत से सजे कार्यक्रम के अगले प्रसून में ग्रेस पीस स्टुडियो के कलाकारों कल्पना राजपूत, काव्या और प्रिंस ने गणेश वंदना की उत्कृष्ट प्रस्तुति दी। इसी क्रम में राजश्री वर्धन,राजश्री भारती,मानसी, नीलम,रागिनी अग्रवाल और श्रुति ने घूमर एवं नीलम, मानसी,राजश्री ने पर्वतीय नृत्य झोड़ा की मनोरम छटा बिखेरी।
आज लक्ष्मणपुर अवध महोत्सव में प्रगति विचार धारा फाउण्डेशन द्वारा कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कवि सम्मेलन के मुख्य अतिथि थे विकास श्रीवास्तव, अति विशिष्ट अतिथि थे डॉ मोहम्मद शफीक,डॉ शोभा मोवार और डॉ मोहम्मद नफीस खान। इस अवसर पर लोकेश त्रिपाठी, प्रदीप बहराइची,डॉ सीमा गुप्ता, डॉ ओम शर्मा, एस के अवस्थी, दिव्या शुक्ला, गितिका चतुर्वेदी,राजश्री दुबे, चंद्रिका रानी उपाध्याय,वैष्णवी वी सिंह, संजीव सोनी, योगेन्द्र योगी ने अपनी अपनी कविताओं से श्रोताओं को मंत्र मुग्ध किया। धन्यवाद ज्ञापन नेहा नीरज खरे ने दिया
लक्ष्मणपुर अवध महोत्सव में सनडे फन डे के रूप में मना 
लखनऊ। महोत्सव में आज संडे फन डे के रूप में मनाया गया। लोगों ने जमकर खरीदारी की, झुलों संग लोगों ने लजीज व्यंजनों का लुत्फ उठाया। लक्ष्मणपुर अवध महोत्सव स्थल पर जायके के शौकीनों के लिए कश्मीरी कहवा, कश्मीरी मेवे और बीकानेरी भुजिया, राजस्थानी नमकीन के साथ तरह तरह के अचार मुरब्बे जनता को आकर्षित कर रहे हैं।  महोत्सव में देश के विभिन्न हिस्सों के चटपटे और जायकेदार उत्पाद एक ही स्थान पर आसानी से उपलब्ध हैं। कश्मीर से आए मिर्जा अखलाक के स्टाल पर कश्मीर का सुप्रसिद्ध कहवा मौजूद है इसके अतिरिक्त चिलगोजे, काजू, किशमिश, बादाम, अखरोट, अखरोट गिरी और कश्मीरी खजूर विशेष आकर्षण का केन्द्र हैं। 
 चूर्ण उद्योग के स्टाल पर मोटापा घटाने में सहायक रोस्टेड अलसी, शुगर नियंत्रण और जोड़ों के दर्द में सहायक मद्रासी मेथी,गैस कब्ज व एसिडिटी के लिए हरण वटी,पुरानी खांसी,नजले व कफ के लिए पहाड़ी अदरक तथा दमा, अस्थमा के लिए पहाड़ी कद्दू के बीज उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त महोत्सव स्थल पर राजस्थानी नमकीन के एक दर्जन से ज्यादा उत्पाद जिनमें बीकानेरी भुजिया, खट्टी मीठी दालमोठ,लहसुन भुजिया,बेसन के गट्टे,अमेरिकन सेव, कुरमुरे गेंहू व पंचरतन मिक्स नमकीन के स्वाद जनता को लुभा रहे हैं। 

Post a Comment

Previous Post Next Post