Hot Posts

6/recent/ticker-posts

अद्भुत रहा यूपी महोत्सव 2024 का सफर
...
संवाददाता। लखनऊ 
यूपी महोत्सव में प्रगति पर्यावरण संरक्षण ट्रस्ट ने स्वरोजगार और पर्यावरण को किया प्रेरित

यूपी महोत्सव के समापन समारोह में मुख्य अतिथि रहे एम एल सी मुकेश कुमार
उद्योग एवम उद्यम प्रोत्साहन निर्देशालय द्वारा ओ डी ओ पी विपरण योजना के अंतर्गत यूपी महोत्सव सहित भारत हस्त शिल्प महोत्सव और अवध महोत्सव को राज स्तरीय श्रेणी में शामिल किया गया।
यूपी महोत्सव से प्रेरित, महिला सशक्तिकरण पर आधारित कार्यक्रमों का नेतृत्व किया गया डॉक्टर माधुरी वर्मा द्वारा।
प्रगति पर्यावरण संरक्षण ट्रस्ट द्वारा आयोजित यूपी महोत्सव 24 दिसंबर 2023 से आरंभ होकर 9 जनवरी 2024 तक सफलता के कई कीर्तिमान स्थापित करते हुए संपन्न हुआ। यूपी महोत्सव में पर्यावरण, स्वरोजगार, महिला सशक्तिकरण, साहित्य, कला, विज्ञान, प्रदूषण, लोक संस्कृति, नृत्य और लोक गायन के अनेकों कार्यक्रम महोत्सव के मंच से देखने को मिले।
प्रगति पर्यावरण संरक्षण ट्रस्ट के अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह द्वारा पिछले 20 वर्षों से ज्यादा समय से पर्यावरण, स्वरोजगार, नारी सशक्तिकरण, शिक्षा, नशा उन्मूलन आदि जैसे कार्यक्रमों को बढ़ावा देने की दिशा में अनवरत प्रयास किया जा रहा है। प्रगति पर्यावरण संरक्षण ट्रस्ट के सभी आयोजनों में अतिथियों को मंच से एक पौधा देकर ही सम्मानित किया जाता है।
यूपी महोत्सव के भव्य समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की एम एल सी मुकेश कुमार ने। मुख्य अतिथि का स्वागत पर्यावरण संरक्षण ट्रस्ट के अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने एक पौधा एवम प्रतीकात्मक राम मंदिर का मॉडल देकर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि विगत सोलह वर्षों से लग रहे यूपी महोत्सव में सही मायने में दूर दराज से आए दुकानदारों को लाभ मिल रहा है। इस योजना को जबसे ऑनलाइन की सुविधा दी गई है तब से दुकानदारों का लाभ और बढ़ गया है। ओ डी ओ पी योजना को देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा केंद्र में भी लागू कर दिया गया है। अब इस योजना का लाभ देश के हर जिले में प्राप्त हो रहा है। मुख्य अतिथि ने पूरे मेले का भ्रमण किया और उनके साथ संस्था के अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह, उपाध्यक्ष एन बी सिंह, व्यापारी नेता सिराज अहमद, सभासद मान सिंह सहित अन्य गणमान व्यक्ति उपस्थित 
यूपी महोत्सव में सम्मानित गणमान अतिथियों द्वारा शिरकत करके महोत्सव की शोभा बढ़ाई गई। इनमें प्रमुख रूप से नोएडा के विधायक पंकज सिंह, एम एल सी पवन सिंह चौहान, उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, राज्य सभा सांसद अशोक बाजपाई, उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी, पूर्व मेयर संयुक्ता भाटिया, सभासद राघव राम तिवारी और मान सिंह उपस्थित रहे।
यूपी महोत्सव की पूर्व संध्या पर आयोजित हुए मिस्टर एंड मिस यूपी का परिणाम घोषित किया गया। मिस में विनर रहीं प्रज्ञा पांडे, फर्स्ट रनर अप रहीं तन्वी और सेकंड रनर अप रहीं बिन्नी। वहीं मिस्टर यूपी 2024 बने पुष्पेंद्र बाजपे, फर्स्ट रनर अप क्षितिज गुप्ता और सेकंड रनर अप रहे जारुन। जज की भूमिका निभाई प्रिया दुबे, हेमा खत्री और अभिलाष सिंह ने। मिस एंड मिस्टर यूपी 2024 प्रगति पर्यावरण संरक्षण ट्रस्ट द्वारा आयोजित किया गया।
यूपी महोत्सव में इस बार सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कवि सम्मेलनों का बोलबाला रहा जिसमें ज्यादातर प्रस्तुतियां भगवान श्री राम को समर्पित रहीं। महोत्सव में युवा एवं श्रेष्ठ कवियों द्वारा कविता पाठ किया गया, प्रतिदिन साहित्य एवं उनसे जुड़ी विधाओं पर परिचर्चा हुई। कहते हैं साहित्य, संगीत और कलाओं का आपस में बहुत ही गहरा रिश्ता होता है और यही सब जब एक मंच पर एकत्रित हो जाए तो उस मंच की शोभा और बढ़ जाती है। यूपी महोत्सव के मंच पर ऐसा ही हुआ। यूपी महोत्सव में देश के कई राज्यों के उत्पाद और उनसे जुड़ी वस्तुओं का स्टॉल दिखाई दिया। दर्शकों ने स्टॉल पर खरीदारी में बहुत दिलचस्पी दिखाई। यूपी महोत्सव में अमेरिकन भुट्टा का स्वाद लोगों ने खूब लिया, बेहतरीन झूले जैसे टोरा–टोरा रेंजर, डबल डिस्क नाव झूला, ब्रेक डांस ने बच्चों और युवाओं को बहुत लुभाया। महोत्सव के खास चटोरे, लाल की चटपटी भेलपुरी ने दर्शकों को अपनी ओर आकर्षित करने का कार्य किया। बिना राजस्थानी व्यंजन सब कुछ फीका है। आपनो राजस्थान के दाल बाटी चूरमा, मूंग का हलवा, मारवाड़ी स्पेशल कुल्फी और भी बहुत सारे व्यंजनों ने खूब दर्शक बटोरे। इनके साथ ही जम्मू कश्मीर के उत्पाद और कई राज्यों के आए हुए रजाई, कंबल, चादर और विशेष रूप से भदोही की कालीनों ने महोत्सव में लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। इंक्रेडिबल आर्ट के उत्पाद आकर्षण के केंद्र बिंदु रहे। महोत्सव में फर्नीचर के समान खूब बिके।  
संस्था के उपाध्यक्ष एन बी सिंह ने यूपी महोत्सव को अविस्मरणीय और सफल बताते हुए, भारी संख्या में उमड़ी जनता और ठंड के मौसम में दूर दराज से आय दुकानदारों को बधाई दी और कहा की उनके प्रयास और दृढ़ता से ही महोत्सव सफल हो सका।
यूपी महोत्सव में डॉक्टर माधुरी वर्मा द्वारा ब्राइडल मेकअप स्टार और आइकॉन प्रतियोगिता करिश्मा कला विकास संस्थान के सहयोग से महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार की दिशा में कराई गई। डॉक्टर माधुरी वर्मा को यूपी गौरव सम्मान केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर द्वारा दिया गया।
यूपी महोत्सव में पुलिस प्रशासन, फायर डिपार्मेंट और अन्य सरकारी विभागों का भरपूर सहयोग प्राप्त हुआ। महोत्सव में सुरक्षा, सफाई और चिकित्सा की समुचित व्यवस्था की गई थी। गोयल चौकी प्रभारी धर्म पाल सिंह ने प्रमुख भूमिका निभाई।
यूपी महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ प्रगति पर्यावरण संरक्षण ट्रस्ट के अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह और एन. बी. सिंह ने दीप प्रज्जवलित कर किया तथा महोत्सव में प्रिया पाल ने सभी कलाकारों को सर्टिफिकेट दे कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन अरविंद सक्सेना और हेमा खत्री ने किया।

Post a Comment

0 Comments