...
संवाददाता -
लखनऊ। पंचशील विकास समिति एवं माता सावित्रीबाई फुले नारी मंच के संयुक्त तत्वावधान में भारत रत्न डॉ.भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर बालागंज हरिनगर क्षेत्र में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने शामिल होकर बाबा साहब एवं भगवान बुद्ध के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर वक्ताओं ने डॉ.अंबेडकर के संघर्षपूर्ण जीवन, सामाजिक न्याय,शिक्षा और समानता के विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बाबा साहब का जीवन आज भी समाज के लिए प्रेरणा स्रोत है। उन्होंने कहा कि उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समाज में समरसता और विकास स्थापित किया जा सकता है।
कार्यक्रम में बच्चों द्वारा बुद्ध वंदना एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भगवान बुद्ध के संदेशों का सुंदर प्रदर्शन किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। समारोह के दौरान एमबीबीएस में चयनित विद्यार्थियों एवं उनके परिजनों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
संस्था के अध्यक्ष गोकरन प्रसाद ने युवाओं को बाबा साहब के सिद्धांतों को अपनाने और शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर के विचारों को आत्मसात कर ही समाज का सर्वांगीण विकास संभव है।
कार्यक्रम में महामंत्री डॉ. राधेश्याम सोनकर सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। वहीं सांस्कृतिक प्रस्तुति देने वाले बच्चों सिद्धांत, प्रज्ञा,संकल्प,परी, आरव,सुहानी एवं डॉ. प्रियंका समेत कई प्रतिभाशाली प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।