...
संवाददाता
लखनऊ। देश भर में वित्तीय शिक्षा के संदेशों के प्रसार के लिए वर्ष 2016 से भारतीय रिज़र्व बैंक द्वारा प्रत्येक वर्ष एक विशेष थीम पर वित्तीय साक्षरता सप्ताह का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष वित्तीय साक्षरता सप्ताह-2026- 09 फरवरी से 13 फरवरी 2026 के बीच मनाया जा रहा है जिसकी थीम "KYC - सुरक्षित बैंकिंग की ओर पहला कदम/ KYC-Your first step to safe banking" रखी गई है। इसमें अपने ग्राहक को जानें (KYC) संबंधी मूलभूत बातें, केंद्रीय केवाईसी रजिस्ट्री (CKYC) और खाते के उपयोग संबंधी सावधानियां (अकाउंट हाइजीन) और अनुशासन के बारे में जन सामान्य को जागरूक किया जाएगा।
भारतीय रिज़र्व बैंक, लखनऊ द्वारा नाबार्ड, बैंक, आर-सेटी जैसे विभिन्न हितधारकों के समन्वय से राज्य भर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन गतिविधियों में उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में जनता के लिए वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित करना और लोगों को अपने ग्राहक को जानें (KYC) के बारें में जागरूक करना शामिल है। बैंकों को निर्देश दिया गया है कि वे अपनी वेबसाइटों, एटीएम,मोबाइल एप्लिकेशन और अपनी शाखाओं में लगे डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड पर भारतीय रिज़र्व बैंक द्वारा तैयार की गई वित्तीय साक्षरता सामग्री को प्रदर्शित करें। साथ ही, राजधानी में प्रमुख स्थानों पर होर्डिंग्स, एलईडी और डिजिटल स्क्रीन के माध्यम से वित्तीय जागरूकता संदेशों को प्रसारित करने के लिए एक मास मीडिया अभियान भी चलाया जा रहा है।
वित्तीय साक्षरता सप्ताह-2026 का शुभारंभ भारतीय रिज़र्व बैंक, लखनऊ के क्षेत्रीय निदेशक पंकज कुमार द्वारा 09 फरवरी 2026 को लखनऊ के होटल ताज महल में किया गया। इस अवसर पर तमाल बंद्योपाध्याय (विशेष अतिथि); सोनाली दास, महाप्रबंधक,भारतीय रिज़र्व बैंक; मुख्य महाप्रबंधक-नाबार्ड: महाप्रबंधक एसएलबीसी,सभी बैंकों के वरिष्ठ अधिकारी तथा भारतीय रिज़र्व बैंक के अन्य अधिकारी उपस्थित रहें। उद्घाटन समारोह में वित्तीय साक्षरता सप्ताह थीम पर आधारित वित्तीय साक्षरता पोस्टरों का अनावरण किया गया।अपने संबोधन में सोनाली दास, महाप्रबंधक,भारतीय रिजर्व बैंक ने वित्तीय समावेशन के लिए वित्तीय साक्षरता के महत्व को रेखांकित किया। उनके द्वारा KYC के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला गया।