लखनऊ में धूमधाम से मनाई गई गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की 165वीं जयंती



शीर्षक संवाददाता अमर 
-रवींद्र संगीत,शास्त्रीय गायन और बंगाली नृत्य की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
लखनऊ। प्रोवासी बांगियो सांस्कृतिक समिति द्वारा नोबेल पुरस्कार विजेता गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की 165वीं जयंती शुक्रवार को हजरतगंज स्थित हिंदी भवन के पास उनकी प्रतिमा स्थल पर
 श्रद्धा,उत्साह और सांस्कृतिक रंगों के साथ मनाई गई।बंगाली कैलेंडर के अनुसार 25वीं बैसाख के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम सुबह 8 बजे से 10 बजे तक चला, जिसमें बड़ी संख्या में बंगाली समाज के लोगों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम की शुरुआत गुरुदेव की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद बंगाली समाज के कलाकारों ने रविंद्र संगीत,शास्त्रीय गायन एवं पारंपरिक बंगाली नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।पूरे आयोजन के दौरान सांस्कृतिक वातावरण और गुरुदेव के विचारों की छाप साफ दिखाई दी।
समारोह में उपस्थित लोगों ने गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर के साहित्य,संस्कृति और मानवता के प्रति योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के विशेष संपर्क प्रमुख प्रशांत भाटिया ने की।
संस्था के अतिरिक्त सचिव संदीप अधिकारी, मीडिया प्रभारी संजीव डे एवं रोथीन चक्रवर्ती ने बताया कि समिति हर वर्ष गुरुदेव की जयंती को सांस्कृतिक उत्सव के रूप में मनाती है,ताकि नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और टैगोर के विचारों से जोड़ा जा सके।
इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष सौरभ बंदोपाध्याय, कार्यकारी अध्यक्ष एस.एन. पाल, महासचिव अर्चना दत्ता, अतिरिक्त महासचिव संदीप अधिकारी,डॉ. संजीत सिन्हा,डॉ. विद्युत साहा,कोषाध्यक्ष विष्णु मुखर्जी,मीडिया प्रभारी संजीव डे,रोथीन चक्रवर्ती,सुदीपति सिन्हा,सस्वाती भट्टाचार्य,पी.सी. मुखर्जी,प्रकाश मुखर्जी, शिवानी सिन्हा,अशोक डे, रिंकी डे,मीता मुखर्जी एवं असित पाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
संस्था के अतिरिक्त महासचिव संदीप अधिकारी ने बताया कि समिति केवल सांस्कृतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभा रही है। संस्था नारी उत्थान,पर्यावरण संरक्षण,पशु-पक्षियों के लिए भोजन एवं जल सेवा,मलिन बस्तियों के बच्चों की शिक्षा,गरीब कन्याओं के विवाह तथा जरूरतमंदों की सहायता जैसे क्षेत्रों में लगातार सेवा कार्य कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post