कथक सूफी नृत्य संग बॉलीवुड रॉक बैंड का तड़का


...
संवाददाता।लखनऊ 
- लक्ष्मणपुर अवध महोत्सव आठवीं संध्या 

लखनऊ , 13 दिसम्बर 2023। प्रगति पर्यावरण संरक्षण ट्रस्ट एवं प्रगति इवेंट के संयुक्त तत्वावधान में शहीद पथ अवध विहार योजना स्थित अवध शिल्प ग्राम खुला क्षेत्र में चल रहे लक्ष्मणपुर अवध महोत्सव में अवध क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से आए कलाकारों ने अपनी नैसर्गिक कला से कथक सूफी नृत्य संग बॉलीवुड रॉक बैंड का तड़का लगाया।

लक्ष्मणपुर अवध महोत्सव की आठवीं सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ आज विष्णु वंदना शान्ताकारम भुजगशैनम पर आरना मिश्रा, अदिति जायसवाल, अमाया सिंह और सौभाग्य श्रीवास्तव ने भावपूर्ण अभिनय युक्त नृत्य से कर सृष्टि के पालनहार भगवान श्री हरि विष्णु के 10 रुपों के दर्शन कलासुधी रसिकजनों को कराये।

हृदय को हर्षातिरेक से भर देने वाली इस प्रस्तुति के उपरान्त हेमा खत्री के संयोजन से शची द्विवेदी, रचना ठाकुर और रोली सिंह ने कथक नृत्य के पारम्परिक स्वरूपों से परिपूर्ण सूफी कलाम छाप तिलक सब छीनी रे की मोसे नैना मिलाय के पर आकर्षक सूफी नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का दिल जीत लिया। इसी क्रम में अर्थवा गोयल ने कथक नृत्य शैली में पगे सुफियाना कलाम दमा दम मस्त कलंदर पर सुखद नृत्य की प्रस्तुति दी।

मन को मोह लेने वाली इस प्रस्तुति के उपरान्त संकल्प शुक्ला के संयोजन में नेशनल पब्लिक स्कूल के कलाकारों सलोनी, आस्था, दीक्षा द्विवेदी, रिया सिंह, आयुषी शर्मा ने हर हर शंभू पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्र मुग्ध कर दिया।

संगीत से सजे कार्यक्रम के अगले प्रसून में वेद तिवारी, अभिन्न श्याम और मानस शर्मा ने रॉक बैंड पर रफ्ता रफ्ता, तेरी दीवानी, थारे बिना लागे नही जैसे अन्य बॉलीवुड रॉक गीतों को सुना कर श्रोताओं को अपने साथ खूब झुमाया नचाया। इसी क्रम में संजय श्रीवास्तव ने अपनी पुरकशिश आवाज में ओ मेरे दिल के चैन, ओ हंसिनी, मेरे महबूब कयामत होगी और रिया राजवंशी ने अपनी खनकती हुई आवाज में ये हंसी वादियां एवं मैने पायल है छनकाई गीत को सुना कर श्रोताओं का मन मोहा।

 

Post a Comment

Previous Post Next Post