...
संवाददाता-
-परफेक्ट 11और मीडिया 11b बनी विजेता
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के चौक स्टेडियम में 2G एडवरटाइजिंग द्वारा आयोजित
क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला बड़े उत्साह और रोमांच के बीच खेला गया, जिसमें परफेक्ट 11 टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। इस
प्रतियोगिता में शहर की कुल आठ टीमों ने हिस्सा लिया और पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों व दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
फाइनल मैच परफेक्ट 11 और पंकज पारा टीम के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पंकज पारा ने चार ओवर में 24 रन बनाए। जवाब में परफेक्ट 11 की टीम ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए बिना कोई विकेट गंवाए मात्र दो ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया और खिताब अपने नाम कर लिया।
आयोजक गीता गुप्ता ने बताया कि इस टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य युवाओं को एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना है, जिससे अलग-अलग टीमों से खेलने वाले खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखा सकें। उन्होंने बताया कि आठ टीमों के बीच मुकाबले कराए गए, जिनमें से दो टीमों ने फाइनल में जगह बनाई।
टूर्नामेंट के दौरान मीडिया से जुड़े पत्रकारों के बीच भी एक विशेष मैच आयोजित किया गया। यह मुकाबला मीडिया 11 ए और मीडिया 11 बी के बीच खेला गया, जिसमें लखनऊ के विभिन्न मीडिया संस्थानों में कार्यरत पत्रकारों ने भाग लिया। इस रोमांचक मुकाबले में मीडिया 11 बी की टीम ने मीडिया 11 ए को तीन रन से हराकर जीत दर्ज की।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में एडवोकेट राजू देश प्रेमी, जो भारतीय सर्व कोरी समाज से जुड़े हैं,तथा रितु खरे उपस्थित रहीं। इस अवसर पर गोपाल सिंह,आर.के. पाल, सामाजिक पत्रकार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुभाष चंद्र, वरिष्ठ पत्रकार कनक श्रीवास्तव,शकील सिद्दीकी,सरफुद्दीन, नीरज विक्रम श्रीवास्तव,दानिश सिद्दीकी, मोहम्मद सलमान और रॉबिन सोनकर सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
गीता गुप्ता ने बताया कि विजेता टीम को ट्रॉफी और नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जबकि मीडिया के बीच हुए मैच में ट्रॉफी प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि पांच ओवर के मैच रखने का उद्देश्य यह है कि आज की व्यस्त दिनचर्या में कम समय में भी लोग खेल का आनंद ले सकें।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे। आयोजकों ने बताया कि भविष्य में भी इसी तरह के अलग-अलग टूर्नामेंट आयोजित किए जाएंगे, ताकि युवाओं को निरंतर मंच और अवसर मिलता रहे।