Hot Posts

6/recent/ticker-posts

भक्ति गीतों व अवधी नृत्य संग लक्ष्मणपुर अवध महोत्सव शुरू



संवाददाता। लखनऊ 
संगीतमय सुन्दरकाण्ड के पाठ के साथ प्रभु श्री राम की महिमा का हुआ गुणगान

 प्रबिसि नगर कीजे सब काजा। हृदयँ राखि कोसलपुर राजा॥ गरल सुधा रिपु करहिं मिताई। गोपद सिंधु अनल सितलाई॥' सुंदरकांड की इन चौपाईयों के साथ मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम की महिमा के गुणगान के साथ वीरवर श्रेषावतार लक्ष्मण जी को समर्पित आज से प्रगति पर्यावरण संरक्षण ट्रस्ट और प्रगति इवेंट के संयुक्त तत्वावधान में अवध शिल्प ग्राम, अवध विहार योजना शहीद पथ लखनऊ में लक्ष्मणपुर अवध महोत्सव का शुभारम्भ हुआ।

लक्ष्मणपुर अवध महोत्सव, लखनऊ का ही नही, वरन पूरे अवध प्रान्त का महोत्सव है। यह आत्म निर्भर हो रहे लोगों को प्रोत्साहित करने का और अवध क्षे़त्र की परम्परा को संरक्षित-सुरक्षित रखने का महोत्सव है... यह सब कुछ आज चन्दन की सौम्य सुरभि से परिपूर्ण पवित्र परिवेश में दृष्टिगोचर हुआ। 

शिल्प ग्राम में बुधवार शाम लक्ष्मणपुर अवध महोत्सव का रंगारंग शुभारम्भ हो गया। प्रगति पर्यावरण संरक्षण ट्रस्ट के अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने कहा कि इस महोत्सव में अवध क्षेत्र की कला- संस्कृति के विभिन्न रंग देखने को मिलेंगे। उपाध्यक्ष एन. बी. सिंह ने बताया कि इस महोत्सव के माध्यम से आत्मनिर्भर हो रहे अवध प्रांत के लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए हस्तशिल्प संग लघु कुटीर उद्योगों के स्टाल लगाये गये हैं। आज अपराह्न स्वामी प्रदुम्न प्रियाचार्य श्री अयोध्याधाम के निर्देशन में 11 आचार्यों ने सुन्दरकाण्ड का सस्वर संगीतमय पाठ किया और भगवान श्री राम और हनुमान जी की विधिवत पूजा अर्चना के साथ आरती हुई।

आज से आरम्भ हुए अवध महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या का शुभारम्भ गणेश वंदना से हुआ। विघ्न विनाशक भगवान गणेश जी के चरणों में समर्पित इस प्रस्तुति के उपरान्त अनाएजा, आरोही, आशी, अयान्शी, अनुष्का, इशिता, प्रिया, ओजस्वी, अविका, आराध्या, मिहिका और उपन्या ने अवध में राम आए हैं पर भावपूर्ण अभिनय युक्त नृत्य प्रस्तुत कर भगवान श्री राम की महिमा से कला सुधी दर्शकों को मंत्र मुग्ध कराते हुए अवगत कराया।

कार्यक्रम के आकर्षक का केन्द्र बिन्दु रहा अवधी लोक नृत्य। अनु कपिल, मोहिनी राजपूत, शकुन्तला मिश्रा, आशिरिया श्रीवास्तव, स्नेहा यादव, सुरभि श्रीवास्तव और रजनी यादव ने मंजूलता श्रीवास्तव के नृत्य निर्देशन में तनि पिया मनवा मा पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का दिल जीता। इसके अलावा सांची श्रीवास्तव, शुभी, आराध्या, दिव्या और यशस्वी ने भी अवधी लोक नृत्य की मनोरम छटा बिखेरी। इस अवसर पर प्रिया पाल सिह, पवन पाल, शालिनी श्रीवास्तव सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों के अलावा तमाम दर्शक उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन अरविन्द सक्सेना ने किया।

                                          

Post a Comment

0 Comments